अराजकता का प्रतीक है रैलियों में भगदड़ : योगी आदित्यनाथ |

जौनपुर

जौनपुर से बी.न्यूज़ की रिपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जौनपुर के रामपुर और मुंगराबादशाहपुर में कहा कि समाजवादी पार्टी की रैलियों में आए दिन भगदड़ और मारपीट की घटनाएं अराजकता की द्योतक हैं। पूरे देश में एक ही स्वर है, फिर एक बार मोदी सरकार। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा कि जब सपा और कांग्रेस के लोग सत्ता के कोसों दूर हैं, तब भी अपने नेता का सम्मान नहीं कर पा रहे हैं।
सपा में अभी रोज भगदड़, मारपीट, अराजकता व नूराकुश्ती दिख रही है। जब यह सत्ता में रहे होंगे तो कैसे उत्तर प्रदेश की जनता का खून चूसकर शोषण किए होंगे, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि कहा कि एक तरफ रामभक्त हैं, जो राम के लिए सर्वस्व न्योछावर करते हुए भारत को ताकतवर बनाना चाहते हैं, दूसरी तरफ रामद्रोही जो राम के साथ ही भारत का विरोध कर रहे हैं। ये कहते हैं कि पाकिस्तान को धमकी मत दीजिए, उसके पास एटम बम है। दाने-दाने के लिए मोहताज पाकिस्तान की धमकी भारत जैसे उस बड़े देश को देते हैं, जो सबसे बड़ी उभरती अर्थव्यवस्था है।
सपा-कांग्रेस नेताओं को ऐसा कहते तनिक भी संकोच नहीं होता है। रामद्रोही जातिवादी-परिवारवादी राजनीति करते हैं। ये आपको जाति के नाम पर भी लड़ाएंगे।
यह चुनाव रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच : बस्ती के पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनावी संग्राम रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच चल रहा है। यह क्षेत्र कभी तरसता था कि एक चीनी मिल चल जाती।
आज नई चीनी मिलें चल रही हैं। गन्ना मूल्य का भुगतान हो रहा है। कांग्रेस के समय में बंद हुआ गोरखपुर का खाद कारखाना अब 110 फीसदी से अधिक क्षमता से उत्पादन कर रहा है। नए भारत की नई प्रगति के नए पैमाने गढ़े जा रहे हैं। माफिया कोई भी हो उसे औकात में रखा : सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़ क्षेत्र के कठेला में भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल के समर्थन में सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया कोई भी हो हमने उसे औकात में रखा।
सपा सरकार के समय प्रदेश के सभी गुंडे-माफिया एकजुट होकर सरकार में शामिल होते थे और प्रदेश को लूटते थे। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में अनाचार व अव्यवस्था फैली थी। बेटी-व्यापारी असुरक्षित थे। गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था।

Leave a Comment