कानपुर
कानपुर/ब्यूरो महेंद्र राज शुक्ल
अग्निपथ विवाद और नुपुर शर्मा के आपत्तिजनक बयान को लेकर पैदा हुए तनाव का असर दिखाई पड़ने लगा है। शुक्रवार पुलिस को मिली खुफिया सूचना के बाद भाजपा व संघ कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही पार्टी के जन प्रतिनिधियों व बड़े नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पिछले कुछ समय से नुपुर शर्मा के बयान के बाद पूरे प्रदेश में माहौल खराब हुआ है। कानपुर, प्रयागराज और सहारनपुर में हिंसा की घटनाएं सामने आईं, जबकि कई अन्य जिलों में भी विरोध प्रदर्शन हुए। यह मामला अभी शांत नहीं हुआ है, लेकिन इसी बीच अग्निपथ विवाद सामने आ गया। इधर खुफिया इकाइयों ने चेतावनी दी है कि अराजक तत्व व आतंकी तत्व आने वाले दिनों में भाजपा व संघ कार्यालयों के अलावा भाजपा के नेताओं व बड़े नेताओं पर हमला कर सकते हैं। ऐसा इसलिए किए जाएगा, ताकि पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता आक्रोशित हों और कानून व्यवस्था खराब हो। इस सूचना के पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना ने दक्षिण, पूर्वी व पश्चिमी जोन के डीसीपी को अपने यहां सुरक्षा तैयारियों को और बेहतर करने को कहा है।
गौ़रतलब है कि भाजपा नगर का कार्यालय नवीन मार्केट और भाजपा ग्रामीण,दक्षिण और क्षेत्रीय कार्यालय केशव नगर में है।वहीं संघ का कार्यालय रायपुरवा थानाक्षेत्र के कारवालो नगर में है। भाजपा के अधिकांश जन प्रतिनिधि कमिश्नरेट के दक्षिण व पश्चिम जोन में निवास करते हैं। बताते चलें की निष्कासित भा.ज.पा नेत्री नूपुर शर्मा के विवादित बयान के बाद जुमे की नमाज़ के बाद असामाजिक तत्वों द्वारा नगर मे हिंसा का खेल खेलकर शहर के सौहार्दपूर्ण वातावरण मे विष घोलने का प्रयास किया गया था और तब से ही भा.ज.पा जन प्रतिनिधियों को निरंतर फोन पर धमकियां मिल रही हैं।