कानपुर
कानपुर से राहुल की रिपोर्ट बी.न्यूज़
विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक खंड की पांच सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना हो रही है। सुबह 8 बजे से गोरखपुर, बरेली, झांसी और कानपुर में वोटों की गिनती चल रही है। 2 फरवरी की देर रात तक परिणाम आना शुरू हो जाएंगे। पांच सीटों पर कुल 63 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
शिक्षक खंड सीट पर दो बार हंगामा हुआ। भाजपा नेता मतगणना स्थल पर धरने पर बैठ गए।
आरोप है कि मतगणना में वैध मतों को भी अवैध दिखाया गया है। दोबारा काउंटिंग की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, 50 फीसदी वोट किसी भी प्रत्याशी को नहीं मिले हैं। इससे पहले टेबल नंबर 12 में एक अलग रंग का बैलेट पेपर निकलने पर हंगामा हुआ। अधिकारियों ने जांच के बाद अलग कर दिया। बरेली-मुरादाबाद खंड एमएलसी स्नातक सीट पर तीसरे राउंड के बाद भाजपा के जयपाल सिंह व्यस्त को 27,029 वोट और सपा के शिव प्रताप यादव को 10,154 वोट मिले हैं। भाजपा 16,875 वोटों से आगे चल रही है।
इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में रात 8:30 बजे तक प्रथम वरीयता की मतगणना पूरी हो गई, लेकिन इसमें कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। अब दूसरी वरीयता पर चुनाव पहुंच गया है। अब दूसरी वरीयता की मतगणना शुरू हो गई है।
प्रथम वरीयता की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी डॉ. बाबूलाल तिवारी 587 वोट से आगे रहे। इसमें डॉ. बाबूलाल को 8457 वोट, दूसरे नंबर पर निर्दलीय सुरेश कुमार त्रिपाठी को 7870 वोट और तीसरे नंबर पर सपा प्रत्याशी सुरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ एसपी सिंह पटेल को 5316 वोट मिले हैं।
कानपुर-उन्नाव शिक्षक संघ से राज बहादुर को 3588 वोट, BJP से वेणु रंजन भदौरिया को 2483 वोट और हेमराज सिंह गौर को 2455 वोट मिले हैं। अब केवल 2964 वोटों की गिनती बाकी है।
गोरखपुर फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन की पहले राउंड की वोटों की गिनती शुरू होते ही नोकझोंक हो गई। सपा प्रत्याशी करुणा कांत मौर्य ने मतगणना एजेंट पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर किसी तरह से मामला शांत कराया।
गोरखपुर- फैजाबाद स्नातक चुनाव के पहले राउंड का मतगणना बुलेटिन जारी हुआ। BJP प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह 7588 वोटों से आगे हैं। सपा के करुणा कांत मौर्य को 3701 वोट मिले हैं। BJP प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह 4244 वोटों से आगे हैं।
12 फरवरी को पांच सीटों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। गोरखपुर-फैजाबाद MLC चुनाव की मतगणना गोरखपुर यूनिवर्सिटी के वाणिज्य संकाय में जारी है। वहां काउंटिंग के लिए यहां 14 टेबल बनाए गए हैं। जिसमें 560 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
वहीं, इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना यूनिवर्सिटी में हो रही है। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए है। हालांकि अब मतगणना स्थल पर समर्थकों की संख्या बढ़ने की वजह से सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है।
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के वाणिज्य संकाय में सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। काउंटिंग के लिए यहां 14 टेबल बनाए गए हैं। वहीं, चुनाव की मतगणना 4 शिफ्ट में होगी। इसके लिए कुल 560 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। चुनाव में कुल 24 प्रत्याशियों की भाग्य का आज फैसला होगा। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह और सपा प्रत्याशी करुणा कांत मौर्य में मुकाबना देखने को मिल रही है।
इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना आज बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में हो रही है। यूनिवर्सिटी में14 टेबल पर एक साथ वोटों की गिनती जारी है। 11 चक्र पूरे होते ही परिणाम आ जाएगा। इस सीट पर 10 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। किसके सिर पर ताज सजेगा, दोपहर बाद स्पष्ट हो जाएगा। एमएलसी चुनाव में क्षेत्र के 10 जनपद प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी व ललितपुर के 34,495 शिक्षक मतदाताओं में से 26,169 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
कानपुर में 30 मिनट की देरी से शुरू हुई मतगणना
MLC स्नातक और शिक्षक सीट के लिए मतगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। करीब 30 मिनट की देरी से मतगणना का कार्य शुरू हो सका है। बैलेट बॉक्स को एक-एक कर खोला जा रहा है। मतगणना कर्मी वैध मतपत्रों की बंडलिंग कर रहे हैं। अवैध मतपत्रों को अलग रखा जा रहा है। वहीं, हर एक टेबल पर प्रत्याशियों के एजेंट भी मतगणना पर अपनी निगाह बनाए हुए हैं। कमिश्नर डा. राज शेखर, डीएम विशाख जी समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। जिस प्रत्याशी को 50 प्रतिशत वोट मिल जाएंगे। उसी की जीत पक्की हो जाएगी।
बरेली- मुरादाबाद MLC चुनाव, मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों जुटी भीड़
बरेली- मुरादाबाद खंड MLC चुनाव स्नातक की सुबह आठ बजे से काउंटिंग चल रही है। यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी इंतजाम किए गये हैं। कमिश्नर संयुक्ता समद्दार खुद मौजूद हैं। 9 जिलों की इस स्नातक MLC सीट पर 30 जनवरी की शाम चुनाव संपन्न हुआ। कुल 53.79 प्रतिशत वोटिंग हुई। बदायूं जिले में सबसे ज्यादा 63.70 प्रतिशत वोट पड़े। वहीं रामपुर जिले में सबसे कम 45.04 प्रतिशत वोट पड़े। इस सीट पर कुल एक लाख 72 हजार 297 स्नातक वोट थे। जहां 53.79 प्रतिशत वोट पड़े।