होली पर अश्लील गाना और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई |

झारखण्ड

झारखण्ड से अभिषेक सिंह की रिपोर्ट बी.न्यूज़

दुमका जिला के रामगढ़ थाना परिसर में शुक्रवार को होली पर्व को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी रामगढ़ कमलेंद्र सिन्हा, रामगढ़ थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय और प्रखंड प्रमुख की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में समिति के कई सदस्यों ने होली में शराब और डीजे पर पूर्ण पाबंदी लगाने के साथ ही बाइको चालको पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की। प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र सिन्हा ने समिति के सदस्यों को बताया कि संवेदनशील जगहों पर पुलिस की निगरानी रखी जायेगी|किसी को भी जबरन रंग न लगाया जाय।

सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वाले पर नजर रखी जायेगी उनको चिन्हित किया जायेगा। मौके पर थाना प्रभारी अरबिंद कुमार राय ने बताया कि सोशल मीडिया के एडमिन अपने-अपने वाट्सएप ग्रुप पर नजर बनाये रखेंगे। अन्यथा एडमिन पर भी कार्यवाही की जा सकती है।

थाना प्रभारी ने बताया कि होली रंगों का त्योहार है सभी लोग सौहाद्रपूर्ण वातावरण में होली मनायें। किसी भी प्रकार का अफवाह फैलाने से वैमनस्यता बढ़ेगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की निगरानी रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिले तो अविलंब थाना को सूचित किया जाय। पुलिस को सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जायेगा। बैठक में बारी-बारी से सभी सदस्यों से सुझाव भी लिये गये।

शांति समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों ने एक दूसरे को रंग बिरंगे गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। साथ ही सभी ने मिलकर होली भी गाया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रामगढ़ कमलेंद्र सिन्हा, थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय, प्रखंड प्रमुख,एवं सभी गणमान्य व्यक्ति और पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे |

Leave a Comment