टेंगधोवा पंचायत में लगा जनता दरबार, 180 आवेदन हुए प्राप्त |

झारखण्ड

झारखण्ड से अभिषेक सिंह की रिपोर्ट बी.न्यूज़

दुमका जिला के जामा प्रखंड के टेंगधोवा पंचायत भवन में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें वरीय पदाधिकारी सह डीएसओ बंका राम के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर यादव एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा आम लोगों को विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी।

मौके पर जरुरी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। साथ ही स्वीकृत योजनाओं के लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान की गयी। इसके अलावा आगामी छः अप्रैल को आयोजित मुख्यमंत्री के जोहर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी की गयी।

ज्ञात हो कि आगामी छः अप्रैल को जामा प्रखंड के छैलापाथर, निश्चितपुर एवं कमारदुधानी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आम जनता से संवाद स्थापित करेंगे। इसके लिए लाभुकों को मिलने वाले राशन, पेंशन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गयी और आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

जनता दरबार में आम लोगों के समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किया गया और सुनवायी की गयी। जिसमें मनरेगा योजना से 20 आवेदन, आवास से 21, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 18, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संबंधित 4, आपूर्ति से 15, कृषि से एक, विद्युत आपूर्ति से 25 तथा श्रम एवं नियोजन एवं पशुपालन व अन्य से संबंधित 3 आवेदन प्राप्त हुए। मौके पर बीडीओ ने बताया कि जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें 94 का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। जबकि 86 आवेदन लंबित रहे जिसे स्वीकृति हेतु जिला भेजा जायेगा।

मौके पर प्रभारी कल्याण पदाधिकारी मानव कुमार, बीपीओ आशा रोज हांसदा, कनीय अभियंता पवन कुमार, रंजन हेम्ब्रम, पंचायत सचिव अशोक गुप्ता के अलावा स्थानीय मुखिया, पंचायत सचिव सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

Leave a Comment