दो पक्षों में आपस में हुई जमकर मारपीट,कई लोग गंभीर रूप से घायल |

पट्टी

पट्टी तहसील से बी.न्यूज़ की रिपोर्ट |


प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी तहसील के अंतर्गत रामगंज बाजार में शनिवार सुबह लोडर और कार की टक्कर के बाद हुए विवाद के बाद हंगामा हो गया। दोनों पक्ष से सैकड़ों लोग पहुंचे और बाजार जंग का मैदान बन गया। जानकारी मिलते ही तीन थाने की पुलिस और पीएसी के साथ सीओ पट्टी, एएसपी पूर्वी भी पहुंच गए। घटना से तनाव को देखते हुए बाजार में पुलिस-पीएसी तैनात है।

रामगंज बाजार के मो. अबरार की दुकान के बाहर लोडर चालक इसरार मौजूद था। तभी उधर से गुजर रहे कार सवार लोगों से विवाद हो गया। उनके बीच मारपीट होने लगी। दोनों पक्ष से लोग पहुंचकर लाठी, डंडे और सरिया से मारपीट करने लगे। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। कई लोग इधर-उधर भागने लगे। बाइक के साथ ही कई अन्य वाहन तोड़ दिए गए। दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई। सूचना पर एसओ आसपुर देवसरा, कंधई के साथ पट्टी कोतवाल पहुंच गए। एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह और सीओ मनोज रघुवंशी पीएसी के साथ पहुंच गए। मारपीट करने वाले इधर-उधर भाग निकले। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को बुलाकर बातचीत की और विवाद करने की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी। तनाव को देखते हुए बाजार में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई। बाजार में बवाल की पूरे इलाके में दिन भर चर्चा रही।

दोनों पक्ष ने दी तहरीर, बाजार में तनाव बरकरार |

आसपुर देवसरा के रामगंज बाजार में शनिवार को हुई मारपीट में दोनों पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी एक पक्ष से घायल पांच लोगों का मेडिकल कराया है। शाम तक किसी की भी एफआईआर नहीं दर्ज की जा सकी। घटना को लेकर बाजार के साथ ही आसपास के इलाके में लोगों के बीच नाराजगी दिखी। रामगंज बाजार में मो. अबरार की दुकान के बाद विवाद के बाद दोनों पक्ष में हो रही मारपीट पुलिस के आने के बाद थम सकी। मामले में एक पक्ष से अबरार ने तहरीर दी है।

आरोप है कि उनकी दुकान के बाहर मौजूद लोडर चालक इसरार अहमद से सोनू सिंह मारपीट करने लगा और उसके मुंह में तमंचा लगा दिया। इसके बाद 100 से अधिक लोग लाठी, डंडा, सरिया, रॉड लेकर आ गए और घर में घुसकर सिराज को मारपीट कर घायल कर दिया। उनकी कार भी तोड़ दी। अफजल को पीटा और मैजिक तोड़ दी। रिजवान के घर में घुसकर उनके कारीगर को पीटा। उन्होंने प्रभाकर सिंह, पवन सिंह, विकास सिंह, शुभम सिंह सहित 15-20 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने अबरार के पक्ष के पांच घायलों का मेडिकल कराया है।

दूसरी ओर से अनुसूचित जाति के दुर्गेश ने तहरीर दी है। आरोप है कि रामगंज के अबरार, शरीफ, इसरार, लल्लू विजयादशमी से उससे नाराज थे। शनिवार सुबह विवेक सिंह की गाड़ी पर बैठकर जाते समय रोक लिया। उसे नेता बनने पर धमकी देते हुए रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों के ललकारने पर गफ्फार, नाटे, शरीफ, आजाद, लल्लू, समसुद्दीन, कल्लू, आरिफ, मुमताज और 8-10 अज्ञात लोग आए और उसे मारपीट कर घायल कर दिया। बीच-बचाव को पहुंचे कमलेश, शमी उर्फ विवेक, अतुल, हिमांशु को भी मारपीट कर घायल कर दिया।

Leave a Comment