कांग्रेस को लगा बड़ा झटका,पूर्व सीएम ने थामा BJP का हाथ |

कर्नाटक

कर्नाटक से बी.न्यूज़ की रिपोर्ट

लोक सभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस को करारा झटका लगा है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का दामन थामने वाले एक बड़े नेता की फिर से भाजपा में ‘घर वापसी’ हो गई है।

लोकसभा चुनाव से पहले जनता का समर्थन हासिल करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हैं। लेकिन उनकी पार्टी को हर तरफ से झटका लग रहा है। बुधवार को ममता और भगवंत मान ने बंगाल और पंजाब में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने से मना किया और आज गुरुवार को कर्नाटक में उन्हें तब बड़ा झटका लगा|

जब पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार भाजपा में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव एवं राजीव चंद्रशेखर, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, कर्नाटक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की मौजूदगी में जगदीश शेट्टार ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा का दामन थाम लिया।

7 महीने में कांग्रेस से मोहभंग

दरअसल, कर्नाटक विधान सभा चुनाव में भाजपा द्वारा टिकट नहीं देने से नाराज होकर जगदीश शेट्टार ने पार्टी को छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। लेकिन, गुरुवार को वे फिर से भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के बाद शेट्टार ने कहा कि वह कुछ मुद्दों की वजह से कांग्रेस में चले गए थे। लेकिन, भाजपा कार्यकर्ता लगातार उनसे पार्टी में वापस आने का आग्रह कर रहे थे, बीएस येदियुरप्पा, विजयेंद्र येदियुरप्पा और कर्नाटक भाजपा के नेता भी उनसे भाजपा में शामिल होने को कह रहे थे। इसलिए कांग्रेस से इस्तीफा देकर वह फिर से भाजपा में आए हैं।

मोदी फिर बनेंगे प्रधानमंत्री

शेट्टार ने आगामी लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने की बात कहते हुए यह भी कहा कि पार्टी (भाजपा) ने उन्हें पहले भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी थी। बताया जा रहा है कि इससे पहले बीएस येदियुरप्पा और कर्नाटक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर, कर्नाटक के राजनीतिक हालात और चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा की।

Leave a Comment