प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ जनपद से बी.न्यूज़ की रिपोर्ट
- रजवाड़ों के जिले में दो दशक बाद दौड़ी साइकिल,अक्षय प्रताप को मिले थे 41 प्रतिशत वोट
रजवाड़ों के जिले में सपा प्रत्याशी (इंडिया गठबंधन) डॉ. एसपी सिंह ने पार्टी की साइकिल दौड़ा दी। तमाम दावों और एक्जिट पोल को गलत साबित करते हुए दूसरे ही चक्र की मतगणना में डॉ. एसपी सिंह ने बढ़त बनाई तो इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। करीब दो दशक बाद समाजवादी पार्टी का परचम लहरा दिया।
समाजवादी पार्टी ने इस बार इंडिया गठबंधन से डॉ. एसपी सिंह को मैदान में उतारा, तभी संगमलाल गुप्ता से नाराजगी की वजह से उनके पक्ष में माहौल बनने लगा। मतदान के दिन बूथों पर दोनों पक्ष का माहौल दिखा तो कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के दावे करने लगे। एक जून को मतदान समाप्त होने के बाद एक्जिट पोल में संगमलाल की जीत बताई गई तो कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया। एक्जिट पोल के बाद सपा कार्यकर्ता धांधली की आशंका जताने लगे और विरोध की बात करने लगे तो प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।
मंगलवार को मतों की गिनती के बाद सपा प्रत्याशी डॉ. शिवपाल सिंह पटेल ने भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता को 66206 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। देर शाम मतगणना स्थल महुली मंडी में जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने सपा प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र दिया। इस जीत से सपा प्रत्याशी ने पार्टी मुखिया अखिलेश यादव को भरोसे को सही साबित किया है।
पहले चक्र में मामूली वोटों से पिछड़ने के बाद सपा प्रत्याशी ने दूसरे राउंड से ही बढ़त बनाना शुरू कर दिया था जो आखिरी राउंड तक जारी रहा। जिसका नतीजा यह हुआ कि सपा प्रत्याशी ने कुल चार लाख 41 हजार 932 वोट हासिल किए। जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता को महज तीन लाख 75 हजार 726 वोट से ही संतोष करना पड़ा।