रांची
रांची से बी.न्यूज़ की रिपोर्ट
रांची : 60/40 नियोजन नीति के खिलाफ झारखंड के विभिन्न छात्र संगठनों ने 10 अप्रैल को राज्य बंद का ऐलान किया हैं। इसके अलावे छात्रों ने 8 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का भी ऐलान किया है। इसे लेकर आज यानी 2 मार्च को झारखंड राज्य स्टूडेंट यूनियन ने मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में बैठक की। करीब 3 घंटों तक बैठक के बाद छात्रों ने इस फैसले पर सहमति जताते हुए 10 अप्रैल को झारखंड बंद करने का ऐलान किया।
पूरे राज्य में नई नियोजन नीति का हो रहा है भारी विरोध
राज्य सरकार के 60/40 और नई नियोजन नीति को लेकर पूरे राज्य में झारखंड के छात्र लगातार विरोध कर रहे है। बता दें, झारखंड विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन झारखंड राज्य स्टूडेंट यूनियन ने नई नियोजन नीति के विरोध में विधानसभा के सामने धरना प्रदर्शन दिया था।
इस दौरान भारी संख्या में पहुंचे छात्रों ने विधानसभा घेराव का प्लान बनाया और वे वहां पहुंच भी गए थे लेकिन सुरक्षा बलों और जिला प्रशासन ने उन्हें खदेड़ते हुए उनपर लाठियां भांजी और उनपर आंसू गैस के गोले बरसाए। इस बीच छात्रों के बीच भगदड़ मच गई थी। वहीं पुलिस ने छात्र नेता जयराम महतो को भी हिरासत में लिया था।
झारखंड बंद का छात्र नेता जयराम महतो ने किया समर्थन
बीते दिनों सुरक्षा बल और जिला प्रशासन ने छात्रों पर लाठी-डंडे और आंसू के गोले बरसाए लेकिन अब झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन एक बार फिर से एकजुट होकर मुख्यमंत्री आवास को घेरने की कोशिश करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 10 अप्रैल को छात्रों द्वारा झारखंड बंद के ऐलान का छात्र नेता जयराम ने भी समर्थन दिया है।